NH-205 पर फोरलेन निर्माण के चलते सड़क धंसी, खरोठा के पास यातायात बंद; पुलिस ने जारी किए वैकल्पिक मार्ग

NH-205 प
बिलासपुर, 27 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पठानकोट-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर खरोठा (नम्होल के नजदीक) के पास फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान सड़क धंसने के कारण यातायात प्रभावित हो गया है। सड़क धंसने से सुरक्षा की दृष्टि से छोटे-बड़े सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही को मरम्मत कार्य पूरा होने तक बंद कर दिया गया है। इस संबंध में जिला बिलासपुर पुलिस ने मंगलवार को आम जनता के लिए सूचना जारी कर वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय बिलासपुर की ओर से जारी सूचना के अनुसार, शिमला आने-जाने वाले वाहनों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।बिलासपुर और हमीरपुर से शिमला की ओर जाने वाले वाहन ब्रह्मपुखर से जुखाला, जब्बल पुल, रानीकोटला, खरसी और दाड़लाघाट होते हुए शिमला पहुंच सकते हैं।वहीं, शिमला से मंडी की ओर जाने वाले वाहन शिमला से दाड़लाघाट, नवगांव, खरसी, रानीकोटला और बैरी होते हुए मंडी की ओर जा सकते हैं।इसी तरह, शिमला से बिलासपुर और हमीरपुर की ओर जाने वाले वाहन शिमला से दाड़लाघाट, खरसी, रानीकोटला, जब्बल पुल और घाघस/ब्रह्मपुखर होते हुए बिलासपुर पहुंच सकते हैं।जिला पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करने और यातायात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें, वाहन चलाते समय अनुशासन बनाए रखें और आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता दें।पुलिस प्रशासन के अनुसार, लोगों का सहयोग सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है। सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा होने तक वाहन चालकों को यात्रा की योजना बनाते समय अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है।यातायात संबंधी सहायता के लिए जिला बिलासपुर पुलिस ने 01978-221059 और 01978-221060 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।