
भटियात क्षेत्र में सड़क विस्तार को 200 करोड़ की 144 परियोजनाएं प्रस्तावित: विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया
भटीयात/चुवाड़ी, 11 जून बबलू पठानीया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से 144 सड़क परियोजनाओं के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। वे ग्राम पंचायत साढल के रताड़ी गांव में श्री रविदास महासभा भटियात द्वारा आयोजित प्रेरणा दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।उन्होंने इस अवसर पर सामुदायिक भवन निर्माण एवं परिसर विस्तार कार्य का शिलान्यास किया और आवश्यक धनराशि जल्द उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।

कुलदीप सिंह पठानिया ने संत कबीर जयंती की शुभकामनाएं दीं और लोगों से संत रविदास व कबीर की शिक्षाओं से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन 35 से अधिक संपर्क सड़कों का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और इनका शीघ्र लोकार्पण किया जाएगा।स्थानीय जनता की मांगों पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने रताड़ी गांव सहित साढल, सारना, सालोह, दौंठ, जांबल आदि गांवों में पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करने के लिए 4.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की जानकारी दी।

साथ ही रताड़ी गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने हेतु विभागीय प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम में श्री रविदास महासभा के प्रतिनिधियों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष का सम्मान किया गया। उन्होंने जनसमस्याओं को मौके पर ही सुना और अधिकांश का समाधान भी किया।इस अवसर पर एसडीएम पारस अग्रवाल सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
