चंबा में 8 जुलाई को कैंपस इंटरव्यू, 10वीं/12वीं पास युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर

चंबा 02 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला रोजगार कार्यालय चंबा द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 8 जुलाई 2026 को कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। यह इंटरव्यू पनासिया बायोटेक फार्मा लिमिटेड, सोलन (हिमाचल प्रदेश) के सहयोग से आयोजित होगा, जिसमें जूनियर हेल्पर (पैकेजिंग विभाग) के लगभग 20 पदों को भरा जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अवसर उन युवाओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, जो 10वीं या 10+2 उत्तीर्ण हैं और रोजगार की तलाश में हैं।अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 23 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को ₹14,280 प्रतिमाह (ग्रॉस वेतन) दिया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी द्वारा सब्सिडाइज्ड भोजन, मेडिकल बीमा, बोनस, भविष्य निधि (PF) तथा कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मिल सके।

इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को 8 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे जिला रोजगार कार्यालय, चंबा (बालू) में उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे शैक्षणिक प्रमाण पत्र, उनकी छायाप्रतियां, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, रोजगार पंजीकरण कार्ड एवं बायोडाटा साथ लाना अनिवार्य होगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह कंपनी के निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही संपन्न होगी, जबकि जिला रोजगार कार्यालय केवल साक्षात्कार आयोजित करने हेतु मंच उपलब्ध करवा रहा है।यह पहल क्षेत्र के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, अभ्यर्थियों को यह भी सूचित किया गया है कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता (TA/DA) देय नहीं होगा। ऐसे में उम्मीदवारों को अपने स्तर पर यात्रा की व्यवस्था करनी होगी।