बोंखरी मोड़ में अंतर आईटीआई खेलकूद प्रतियोगिता कल 30 अप्रैल से, 250 से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग

बोखड़ी मोड़ में अंतर आईटीआई खेलकूद प्रतियोगिता कल 30 अप्रैल से, 250 से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग

डलहौजी/चंबा 29 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा में युवाओं के खेल कौशल को निखारने और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला चंबा आईटीआई स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में चार दिवसीय अंतर आईटीआई खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 30 अप्रैल से 3 मई तक बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ में आयोजित होगी, जिसकी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर डलहौजी के डीएसपी मयंक शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजकों द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिनमें खेल मैदानों की तैयारी, खिलाड़ियों के ठहरने और खान-पान की उचित व्यवस्था शामिल है।

बट्ट आईटीआई के चेयरमैन एवं जिला चंबा आईटीआई स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सदस्य सचिव परवेज अली बट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न सरकारी और निजी आईटीआई संस्थानों के 250 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें राजकीय आईटीआई चंबा, लचोड़ी, कोटी, भजराडू, गरनोटा, भरमौर, छतराड़ी के अलावा बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़, बट्ट आईटीआई खुशनगरी और मान ज्वाला आईटीआई चंबा शामिल हैं।प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी खो-खो, कबड्डी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और एथलेटिक्स जैसी विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन न केवल युवाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच प्रदान करेगा, बल्कि उनमें अनुशासन, टीम वर्क और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी विकसित करेगा।आयोजकों का कहना है कि इस तरह के आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को उजागर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिले में इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!