पेड़ से फंदा लगाकर युवक ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

चम्बा 20 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिले की ग्राम पंचायत हमल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां ओमप्रकाश नामक युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गांव कंजरेड, पोस्ट ऑफिस पुखरी निवासी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना से टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश रविवार को घर से काम पर जाने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घर के समीप एक पेड़ पर उसे फंदे से लटका हुआ देखा और तुरंत परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा, जहां पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, लेकिन कोई ऐसा साक्ष्य नहीं मिला जिससे आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता चल सके। प्रारंभिक जांच व परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच जारी है।
चंबा के एसपी अभिषेक यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। साथ ही शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।
यह घटना क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा गई है और लोगों को आत्महत्या जैसे कदम से बचने के लिए मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने की आवश्यकता को रेखांकित करती है।