थुलेल में आयोजित अंडर-19 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता में बलेरा स्कूल का शानदार प्रदर्शन

भटीयात/ चम्बा 08 सितंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थुलेल में आयोजित अंडर-19 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बलेरा की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में बलेरा स्कूल की टीम ने बेहतरीन खेल प्रतिभा और अनुशासन का प्रदर्शन करते हुए सभी टीमों को पछाड़कर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।फाइनल मुकाबले में बलेरा की छात्राओं का सामना राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मोरठू की टीम से हुआ। रोमांचक मुकाबले में बलेरा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मोरठू की टीम को पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। इस उपलब्धि के साथ बलेरा स्कूल की छात्राएं आगामी जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भटियात जोन का प्रतिनिधित्व करेंगी।टीम की इस शानदार उपलब्धि से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बलेरा में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य जगजीत आजाद ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस सफलता का श्रेय टीम के कोच दीपक कुमार, विद्यालय के समस्त स्टाफ तथा छात्राओं की कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास को दिया।प्रधानाचार्य ने कहा कि छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि छात्राएं वहां भी बेहतरीन प्रदर्शन कर भटियात जोन और विद्यालय का गौरव बढ़ाएंगी।गौरतलब है कि बलेरा स्कूल की छात्राओं और छात्रों ने इससे पहले अंडर-14 वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय ने अंडर-14 प्रतियोगिता में एक विजेता तथा दो उपविजेता ट्रॉफियां हासिल कर खेलों के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को गौरवपूर्ण बताते हुए भविष्य में भी खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई।
