कांगड़ा में बुजुर्ग महिला से चेन झपटमारी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

कांगड़ा में बुजुर्ग महिला से चेन झपटमारी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

धर्मशाला/कांगड़ा, 24 मई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

कांगड़ा पुलिस ने मंदिर बाजार क्षेत्र में हुई चेन झपटमारी की वारदात को महज चार दिनों में सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह घटना 20 मई की सुबह की है, जब एक बुजुर्ग महिला पूजा करने मंदिर जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।घटना के बाद पुलिस थाना कांगड़ा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और गहन पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय राहुल , निवासी महेंद्रगढ़, हरियाणा और 28 वर्षीय सन्नी कुमार , निवासी जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी बाहरी राज्यों से संबंध रखते हैं और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए थे। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी हरियाणा के महेंद्रगढ़ में छिपे हुए हैं, जिसके बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने छीनी गई सोने की चेन को हरियाणा जाते समय पंजाब के किरतपुर में एक आभूषण विक्रेता को बेच दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित दुकान पर दबिश दी और चेन बरामद कर ली। इस मामले में दुकान मालिक महेश वर्मा की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके चलते उसे भी केस में शामिल किया गया है।

फिलहाल दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। कांगड़ा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!