चंबा के स्कूलों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान तेज, ZAD कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को दिए जा रहे सुरक्षित यातायात के संदेश

चंबा 09 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से CoERS, IIT मद्रास द्वारा जिला प्रशासन चंबा के सहयोग से शुरू की गई ‘Towards Achieving Zero Accident Day (ZAD)’ पहल का प्रभावी क्रियान्वयन जारी है। इस कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिनमें विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में विशेष जागरूकता सत्रों का आयोजन किया जा रहा है।

इन सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। विद्यार्थियों को बताया जा रहा है कि सड़क सुरक्षा केवल वाहन चालकों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पैदल चलने वालों, साइकिल चालकों और प्रत्येक नागरिक को भी यातायात नियमों के प्रति सजग रहना आवश्यक है।जागरूकता सत्रों के दौरान विभिन्न चर्चाओं और गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

साथ ही उन्हें अपने परिवार के सदस्यों, मित्रों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया जा रहा है, ताकि विद्यालयों से शुरू हुई यह पहल समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सके।इस अभियान में विद्यालय प्रमुखों, शिक्षकों, समन्वयकों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। विद्यालय स्तर पर किए जा रहे सामूहिक प्रयास सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं।वहीं, जिला प्रशासन चंबा कार्यक्रम के प्रभावी संचालन और विभिन्न विभागों एवं शिक्षण संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित करने में अहम भूमिका निभा रहा है। CoERS, IIT मद्रास की ओर से उपलब्ध करवाया जा रहा तकनीकी मार्गदर्शन और विशेषज्ञता भी इस अभियान को मजबूती प्रदान कर रही है।

ZAD कार्यक्रम के तहत जिले में जागरूकता गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी। अधिक से अधिक विद्यालयों और हितधारकों को इस अभियान से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और चंबा जिले को सुरक्षित यातायात व्यवहार की दिशा में आगे बढ़ाना है। यह पहल ‘जीरो एक्सीडेंट डे’ के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
