चम्बा में लंबित वन अधिकार अधिनियम के मामलों का समयबद्ध निपटारा करने के निर्देश
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की चार वन मंडलों से संबंधित मामलों की समीक्षा, विभागीय समन्वय से कार्यों में तेजी लाने पर दिया जोर

चम्बा 27 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला चम्बा में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के तहत वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) से संबंधित लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों और वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक विभागीय औपचारिकताएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर वन अनुमति से जुड़े मामलों को आगामी कार्रवाई के लिए भेजने को कहा।उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल आज चम्बा, भरमौर, डलहौजी एवं चुराह वन मंडलों के तत्वावधान में वन अधिकार अधिनियम से संबंधित मामलों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लिए आवश्यक वन अनुमतियों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा लंबित मामलों के निपटारे में आ रही बाधाओं पर चर्चा की।उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एफआरए से संबंधित मामलों में अनावश्यक देरी न हो और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उन्होंने कहा कि विभागीय प्रक्रियाओं में तेजी लाने के लिए अंतर-विभागीय समन्वय को प्राथमिकता देना आवश्यक है, ताकि विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आगे बढ़ाया जा सके।बैठक में पंचायत स्तर पर गौ-सदनों के निर्माण, शिक्षा संबंधी परियोजनाओं, पार्किंग स्थलों के निर्माण तथा संपर्क सड़क मार्गों से जुड़े मामलों में वन अनुमति की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन परियोजनाओं से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान विभागवार विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों से लंबित मामलों की स्थिति, देरी के कारणों और उनके समाधान के संबंध में जानकारी ली गई।बैठक में वन मंडल अधिकारी चम्बा कृतज्ञ कुमार, वन मंडल अधिकारी भरमौर रजनीश महाजन, वन मंडल अधिकारी सलूणी सुशील कुमार, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद राखी कौशल, सहायक अभियंता दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
