चार महीने बाद बदला पंचायत चुनाव परिणाम, भारती ठाकुर बनीं प्रधान

सलूणी/ चम्बा 25 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
विकासखंड सलूणी की ठाकरी मट्टी पंचायत में प्रधान पद के चुनाव का परिणाम करीब चार महीने बाद बदल गया है। दोबारा मतगणना के बाद भारती ठाकुर को विजेता घोषित किया गया है। रिकाउंटिंग में उन्होंने संतोष कुमारी को 44 मतों के अंतर से पराजित किया।जानकारी के अनुसार, 26 मई को हुई पहली मतगणना में संतोष कुमारी को 597 मत मिले थे, जबकि भारती ठाकुर के खाते में 561 वोट आए थे। इस आधार पर संतोष कुमारी को विजेता घोषित किया गया था। हालांकि, परिणाम से असंतुष्ट भारती ठाकुर ने निर्धारित अवधि के भीतर एसडीएम सलूणी के समक्ष चुनाव याचिका दायर कर मतों की दोबारा गिनती करवाने की मांग की थी।चुनाव याचिका पर निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद एसडीएम सलूणी के निर्देश पर ठाकरी मट्टी पंचायत के प्रधान पद के मतों की दोबारा गिनती करवाई गई। करीब चार महीने बाद हुई रिकाउंटिंग में पहली मतगणना से अलग परिणाम सामने आया। दोबारा गिनती में भारती ठाकुर को 601 मत मिले, जबकि संतोष कुमारी को 557 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार भारती ठाकुर ने 44 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।रिकाउंटिंग के दौरान पांच मत अवैध पाए गए, जबकि चार मतदाताओं ने नोटा (NOTA) का विकल्प चुना था। मतों की दोबारा गिनती और मिलान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भारती ठाकुर को ठाकरी मट्टी पंचायत के प्रधान पद का विजेता घोषित किया गया।बीडीओ सलूणी कंवर सिंह ने बताया कि रिकाउंटिंग एसडीएम सलूणी के निर्देशों के तहत उनकी मौजूदगी में करवाई गई। इसके लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई थी, जिसमें सीडीपीओ, एसईपीओ और जेई को शामिल किया गया था। कमेटी की मौजूदगी में दोनों प्रत्याशियों के मतों की दोबारा गिनती एवं मिलान किया गया।रिकाउंटिंग के बाद ठाकरी मट्टी पंचायत के प्रधान पद का चुनाव परिणाम बदल गया है। पहली मतगणना में विजेता रही संतोष कुमारी अब दूसरे स्थान पर हैं, जबकि भारती ठाकुर को नया विजेता घोषित किया गया है।