जिला चंबा की 159 ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन की एडॉप्शन प्रक्रिया पूरी

जिला चंबा की 159 ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन की एडॉप्शन प्रक्रिया पूरी

चंबा, 07 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एडॉप्टेड ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक कचरे का डोर-टू-डोर संग्रहण सुनिश्चित करने के साथ-साथ आगामी ग्राम सभा बैठकों में शेष पंचायतों में भी एडॉप्शन प्रक्रिया पूरी करने को कहा।उपायुक्त आज राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने विकासखंड स्तर पर प्लास्टिक कचरे के डोर-टू-डोर संग्रहण की प्रगति की समीक्षा की और प्रथम चरण में सेमी-अर्बन क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरा संग्रहण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्लास्टिक वेस्ट प्रबंधन स्थलों तथा मासिक शुल्क व्यवस्था की भी समीक्षा की।मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि जिले की 159 ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन के लिए एडॉप्शन प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।

विकासखंड भरमौर में पिछले दो माह के दौरान करीब 102 टन प्लास्टिक कचरा सीमेंट प्लांट भेजा गया, जिसमें मणिमहेश यात्रा के दौरान एकत्रित कचरा भी शामिल है। चंबा विकासखंड में करीब 30 क्विंटल, जबकि सलूणी में दो क्विंटल बेल्ड प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया गया है।तीसा विकासखंड की भंजराडू व तीसा-1 तथा भरमौर की भरमौर व होली पंचायतों में डोर-टू-डोर संग्रहण शुरू हो चुका है। भटियात की सिहुन्ता व छलाड़ा पंचायतों में पायलट आधार पर जल्द व्यवस्था शुरू होगी। मैहला में एक नवंबर से संग्रहण कार्य शुरू किया जाएगा, जबकि पांगी में इसके लिए चार जोन चिन्हित किए गए हैं।बैठक में उपायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने, मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत ऑनलाइन डाटा एंट्री पूरी करने तथा लंबित कार्यों व विभागीय जांच मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।बैठक में जिला विकास अधिकारी तेवेंद्र चनोरिया, अर्थशास्त्री विनोद कुमार, बीडीओ महेश ठाकुर, डॉ. बशीर खान सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!