तीसा में मेडिकल शॉप के बाहर अचेत मिला 30 वर्षीय युवक, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
नशीले पदार्थ के सेवन या ओवरडोज की आशंका, मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस; सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही

तीसा (चंबा) 01 नवंबर दिलीप सिंह ठाकुर
चुराह उपमंडल के तीसा में रविवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक सिविल अस्पताल तीसा के समीप एक मेडिकल शॉप के बाहर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने जब उसे इस हालत में देखा तो तुरंत उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल तीसा पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान दलीप सिंह (30) पुत्र नेगी राम निवासी गांव भराड़ा, तहसील चुराह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी। युवक की अचानक हुई मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में नशीले पदार्थ के सेवन अथवा ओवरडोज को मौत की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है। घटनाक्रम की वास्तविक जानकारी जुटाने के लिए अस्पताल के आसपास संचालित मेडिकल स्टोरों और अन्य प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि युवक की गतिविधियों और मौत से पहले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
उधर, मृतक के शव का पोस्टमार्टम पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा में करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इस घटना की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी आवश्यक पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।