न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम के विरोध में उतरे प्राथमिक शिक्षक, विधायक डीएस ठाकुर को सौंपा 25 सूत्रीय मांग पत्र

सलूनी/ चंबा 06 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश के खंड सुंडला एवं सलूनी के पदाधिकारियों ने डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर से सलूनी में मुलाकात कर प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा। इस दौरान संघ की ओर से विधायक को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें 25 सूत्रीय मांग पत्र के माध्यम से शिक्षकों की लंबित मांगों को पूरा करने की मांग उठाई गई।मुलाकात के दौरान शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने 23 सितंबर 2025 को जारी न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम अधिसूचना पर गंभीर चिंता जताते हुए इसका कड़ा विरोध किया। संघ के पदाधिकारियों का कहना था कि इस नई व्यवस्था से प्राथमिक शिक्षा का मौजूदा प्रशासनिक ढांचा प्रभावित हो सकता है। इससे विद्यालयों के सुचारू संचालन और शिक्षा व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने सरकार से इस अधिसूचना को वापस लेने की मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने प्राथमिक शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं और अधिकारों से संबंधित 25 सूत्रीय मांग पत्र भी विधायक को सौंपा तथा इन मांगों के शीघ्र समाधान के लिए प्रभावी पैरवी करने का आग्रह किया।शिक्षक प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद विधायक डीएस ठाकुर ने शिक्षकों और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। शिक्षकों का सम्मान, उनके अधिकारों की सुरक्षा और बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाना अत्यंत आवश्यक है।विधायक ने आश्वासन दिया कि न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम अधिसूचना को वापस लेने और संघ की 25 सूत्रीय मांगों को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही संबंधित उच्च अधिकारियों के समक्ष भी इन मुद्दों को प्रभावी ढंग से रखा जाएगा, ताकि समस्याओं का जल्द समाधान हो सके।इस अवसर पर दोनों खंडों के शिक्षक संघ के पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।