पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में विश्व रेबीज दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

डलहौजी/चम्बा 28 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को रेबीज जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रेबीज के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय तथा समय पर उपचार के महत्व की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।इस अवसर पर डलहौजी अस्पताल के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी एवं उपमंडल पशु चिकित्सा अधिकारी श्री अजय मसंद ने विद्यार्थियों को रेबीज रोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि रेबीज गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर सावधानी और उचित उपचार के माध्यम से इससे बचाव संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को पशुओं के साथ सुरक्षित एवं जिम्मेदार व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने विशेष रूप से समझाया कि किसी पशु के काटने या खरोंचने की स्थिति में घाव को तुरंत साबुन और पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए तथा बिना समय गंवाए चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए। उन्होंने समय पर एंटी-रेबीज टीकाकरण करवाने के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रेबीज से बचाव संबंधी जानकारी को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया गया, ताकि समाज में इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से रेबीज के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। इससे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और विषय को बेहतर ढंग से समझा।विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती करमजीत कौर ने विद्यार्थियों को कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को व्यवहार में उतारना बेहद जरूरी है।कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और उपयोगी रहा तथा उन्होंने रेबीज से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
