पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में धूमधाम से मनाया बाल दिवस, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहामन
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और टैलेंट हंट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

बनीखेत/ चम्बा 13 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
बनीखेत/ चम्बा 13 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में शुक्रवार को बाल दिवस हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का मन मोह लिया।समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण उन्हें चाचा नेहरू के नाम से याद किया जाता है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए बाल दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।कार्यक्रम में प्राथमिक विभाग के नन्हे विद्यार्थियों ने गीत, बालवाटिका के बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा फैंसी ड्रेस और एकल नृत्य जैसी गतिविधियों में बच्चों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का परिचय दिया। नन्हे बच्चों की मासूम अदाओं और शानदार प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।वहीं, माध्यमिक विभाग के अंतर्गत कक्षा छठी से नौवीं तथा ग्यारहवीं के विद्यार्थियों के लिए टैलेंट हंट प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने एकल गायन, नृत्य, मूक अभिनय, पात्र अभिनय और समूह नृत्य सहित विभिन्न विधाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी छिपी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। विद्यालय की प्राचार्या करमजीत कौर ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनकी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास की सराहना की।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं।कार्यक्रम के अंत में पूरा विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान, उमंग और उत्साह से सराबोर नजर आया।