पैरामाउंट पब्लिक स्कूल तीसा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित, हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली बट्ट ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत

तीसा/ चुराह 01 नवम्बर दिलीप सिंह ठाकुर
पैरामाउंट पब्लिक स्कूल तीसा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार की हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली बट ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि का समारोह में पहुंचने पर गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक तरीके से किया गया। इसके उपरांत विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए।

बच्चों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, कला और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों, अतिथियों और शिक्षकों का खूब मनोरंजन किया। समारोह के दौरान पूरा विद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया।इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य हीना भारद्वाज ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यालय की वर्षभर की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों की उपलब्धियों और विद्यालय की प्रगति की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है, ताकि बच्चे शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा निखार सकें।समारोह के दौरान विभिन्न शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि दिलदार अली बट ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और सकारात्मक सोच अपनानी चाहिए। वार्षिक समारोह का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।