बर्फबारी से निपटने के लिए शिमला प्रशासन तैयार, पांच सेक्टर में बांटा शहर

बर्फबारी से निपटने के लिए शिमला प्रशासन तैयार, पांच सेक्टर में बांटा शहर

शिमला 25 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला शिमला में आगामी बर्फबारी से निपटने और पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों को बहुआयामी तैयारियां करने के निर्देश दिए गए।उपायुक्त ने कहा कि बर्फबारी के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। सभी कार्यालयाध्यक्षों और शिक्षण संस्थानों को सेफ्टी ऑडिट करवाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सर्दियों में आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों में बैठक कर आकस्मिक योजना तैयार करने तथा सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया।

राशन, गैस सिलेंडर और डीजल का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिला की विभिन्न पंचायतों को आपदा सुरक्षा किट वितरित की गई हैं।25 से 31 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले विंटर कार्निवाल के दौरान प्रतिदिन करीब 12 हजार वाहनों के शिमला पहुंचने की संभावना है। ऐसे में पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने और सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के निर्देश दिए गए।प्रशासन ने शिमला शहर को पांच सेक्टर में बांटकर प्रत्येक में नोडल अधिकारी तैनात करने का निर्णय लिया है। बर्फबारी के दौरान अस्पतालों तक जाने वाले मार्गों को प्राथमिकता से खोला जाएगा। स्वास्थ्य संस्थानों में दवाइयों, आवश्यक सामान और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बिजली, पानी और सड़क सेवाओं को शीघ्र बहाल करने पर भी जोर दिया गया। आपदा की स्थिति में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!