बाल विज्ञान कांग्रेस से विद्यार्थियों में विकसित होगी वैज्ञानिक सोच :- सदर विधायक नीरज नैय्यर

चंबा 18 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
चंबा 18 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
स्कूली शिक्षा के दौरान विद्यार्थियों को वैज्ञानिक विचारों और तर्कशीलता से अवगत करवाने से उनमें भविष्य में वैज्ञानिक बनने की क्षमता विकसित की जा सकती है। यह बात चंबा सदर विधायक नीरज नैय्यर ने पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा में उपमंडल स्तर पर आयोजित दो दिवसीय बाल विज्ञान कांग्रेस के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि कही।विधायक ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में तर्कशीलता, विश्लेषणात्मक क्षमता, कौशल और समस्याओं के समाधान के लिए रचनात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है। बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करने के साथ-साथ दैनिक जीवन में वैज्ञानिक विधियों को अपनाने की क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है।नैय्यर ने वैज्ञानिक प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे कड़ी मेहनत के साथ वैज्ञानिक क्षेत्र में अपना भविष्य उज्ज्वल बनाएं और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें।

उन्होंने कहा कि चंबा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में चौमुखी विकास सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को भविष्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।इस दौरान विधायक ने विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान आधारित मॉडलों का अवलोकन भी किया और विद्यार्थियों से उनके मॉडल के संबंध में जानकारी ली। उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन ने मुख्य अतिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा में आयोजित इस बाल विज्ञान कांग्रेस में उपमंडल स्तर के कक्षा छठी से 12वीं तक के 154 विद्यालयों के करीब 759 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। दो दिवसीय आयोजन के दौरान प्रश्नोत्तरी, विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियां, गणित ओलंपियाड, विज्ञान मॉडल सहित अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।इस अवसर पर उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा मनोहर लाल, ओएसडी उमाकांत, प्रधानाचार्य रचना ठाकुर, पार्षद रजनी शर्मा, जिला विज्ञान पर्यवेक्षक गौरव वेद सहित विभिन्न विद्यालयों का स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।