बिलासपुर (बलोह) फोरलेन के पास 346 पेटी अवैध बीयर बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर( बलोह )फोरलेन के पास 346 पेटी अवैध बीयर बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर 31 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 346 पेटी अवैध बीयर बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई घुमारवीं थाना क्षेत्र के अंतर्गत बलोह फोरलेन के समीप लिंक रोड मल्यावर में नाकाबंदी के दौरान अंजाम दी गई।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीम नियमित गश्त और नाकाबंदी के तहत वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान शक के आधार पर दो पिकअप वाहनों को रोका गया। जब पुलिस ने वाहनों की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में बीयर की पेटियां बरामद हुईं।

कुल 346 पेटियों में से 250 पेटी ट्यूबर्ग और 96 पेटी किंगफिशर ब्रांड की बीयर पाई गई।जांच के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों से बीयर के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और परमिट प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे कोई भी वैध कागजात दिखाने में असमर्थ रहे। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरी खेप को कब्जे में ले लिया और दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विशाल और धीरज, दोनों निवासी जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने अवैध बीयर से भरे दोनों पिकअप वाहनों को भी जब्त कर लिया है।पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध खेप को कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!