भटियात में जून 2027 तक जल शक्ति विभाग की योजनाओं पर खर्च होंगे 900 करोड़ रुपये:- कुलदीप सिंह पठानिया

भटियात में जून 2027 तक जल शक्ति विभाग की योजनाओं पर खर्च होंगे 900 करोड़ रुपये:- कुलदीप सिंह पठानिया

58 लाख रुपये से निर्मित पेयजल योजना का किया लोकार्पण, कैंथली-भटूंई एम्बुलेंस मार्ग को बिहाली-सैला तक विस्तारित करने का दिया आश्वासन

भटियात/चम्बा 13 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर जून 2027 तक लगभग 900 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वह ग्राम पंचायत मलुंड़ा के अंतर्गत 58 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पेयजल योजना का लोकार्पण करने के बाद कैंथली गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, पेयजल, शिक्षा, विद्युत, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवाओं जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि भटियात क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई, मल निकासी, बाढ़ नियंत्रण और अग्निशमन योजनाओं के माध्यम से विकास कार्यों को गति दी जा रही है।उन्होंने बताया कि जल शक्ति विभाग ने पिछले चार वर्षों में 175 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं के निर्माण कार्य पूरे किए हैं। वर्तमान में 365 करोड़ रुपये की लागत वाली योजनाओं पर निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त 534 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के प्रस्ताव भी अनुमोदित किए जा चुके हैं।कुलदीप सिंह पठानिया ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत मांगपत्र पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। साथ ही कैंथली-भटूंई एम्बुलेंस मार्ग को बिहाली-सैला तक विस्तारित करने की घोषणा की।उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाने तथा आपसी मतभेद भुलाकर क्षेत्र की प्रगति के लिए मिलकर काम करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए।कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्राम पंचायत प्रधान पूजा कुमारी ने पंचायत की ओर से उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!