प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सम्मान पाकर भावुक हुईं चंबा की उड़नपरी सीमा कुमारी, बोलीं– देश का गौरव बढ़ाना है लक्ष्य

शिमला 15 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
श
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली चंबा की धाविका सीमा कुमारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सम्मान, स्नेह और मार्गदर्शन प्राप्त करना गर्व और भावनाओं से भरा अविस्मरणीय पल बन गया। प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान मिले प्रोत्साहन ने सीमा के मन में देश के लिए और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प मजबूत किया।सीमा कुमारी ने इस मुलाकात को अपने जीवन के विशेष और यादगार क्षणों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने पर उन्हें परिवार के मुखिया से मिलने वाले स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जैसा अनुभव हुआ। इस सम्मान से वह भावुक हो उठीं और उन्होंने प्रधानमंत्री का तहेदिल से आभार व्यक्त किया।सीमा ने विश्वास जताया कि वह भविष्य में अपनी मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर और बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगी। उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए भारत का गौरव बढ़ाना और तिरंगे की शान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विश्वास उनकी ताकत है, उनका मार्गदर्शन प्रेरणा है और देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करना उनका संकल्प है। सीमा के अनुसार, किसी खिलाड़ी के लिए देश के सर्वोच्च नेतृत्व से प्रोत्साहन मिलना न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए नई ऊर्जा भी प्रदान करता है।चंबा की इस बेटी ने अपनी उपलब्धियों से जिले और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर अभ्यास और मेहनत के दम पर बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।चंबा की इस उड़नपरी के जज्बे, मेहनत और उपलब्धियों को सलाम! अब खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि सीमा कुमारी आने वाले समय में भी अपनी शानदार प्रदर्शन यात्रा जारी रखते हुए देश का मान बढ़ाएंगी।