‘कैच द यंग’ अभियान से युवाओं को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने की मुहिम, नशे से दूर रहने का भी दिया जाएगा संदेश

भरमौर/ चम्बा 12 नवम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमालय की पर्वत शृंखलाओं के बीच बसे जनजातीय क्षेत्र भरमौर की समृद्ध वन संपदा, जैव विविधता और प्राकृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए वन मंडल भरमौर ने विशेष पहल शुरू की है। इसके तहत वन संपदा के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित कर पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन ने बताया कि विभाग द्वारा ‘कैच द यंग’ अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जा रहा है।

अभियान की थीम ‘लिव फॉर नेचर-नॉट फॉर ड्रग्स’ के जरिए युवाओं को प्रकृति से जुड़ने और नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जा रहा है। अभियान के तहत वन अग्नि की रोकथाम, पौधरोपण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जनसहभागिता को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।उन्होंने बताया कि इस वर्ष शीत ऋतु के दौरान स्थानीय लोगों के सहयोग से श्रमदान के माध्यम से अखरोट के करीब 12 हजार बीज रोपित करने की योजना है। इससे भविष्य में अखरोट उत्पादन की संभावनाएं बढ़ेंगी और स्थानीय परिवारों के लिए आजीविका के नए अवसर भी विकसित होंगे। इसके अतिरिक्त उच्च पर्वतीय क्षेत्रों की महत्वपूर्ण प्रजाति नियोजा के संरक्षण एवं विस्तार के लिए भी कार्ययोजना बनाई गई है।

महाजन ने बताया कि मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने के लिए भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सर्दियों में भालुओं की संभावित आवाजाही को देखते हुए शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी दी जा रही है, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोका जा सके।उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाकर भरमौर की प्राकृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना है।
