मानसून के बीच स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, सीएमओ चंबा ने समोट क्षेत्र का किया निरीक्षण

चंबा 30 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
च
मानसून के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने बीते कल स्वास्थ्य खंड समोट का दौरा कर विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सियूता तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर पातका का जायजा लिया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन किया।निरीक्षण के दौरान डॉ. भारद्वाज ने स्वास्थ्य संस्थानों में दवाइयों के स्टॉक, उनकी गुणवत्ता तथा वितरण प्रणाली की गहन समीक्षा की।

उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध हों और किसी भी प्रकार की कमी न रहे। इसके अतिरिक्त उन्होंने विभिन्न चिकित्सा उपकरणों, लाभार्थी सेवाओं एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और उनके उपयोग की भी जानकारी प्राप्त की।उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मानसून के मौसम में फैलने वाली बीमारियों को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि डेंगू, मलेरिया, वायरल बुखार एवं जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं और जागरूकता गतिविधियों को भी बढ़ाया जाए।

डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों से समर्पण भाव से कार्य करने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार रहने की अपील की।इस निरीक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग ने यह संदेश दिया है कि मानसून के दौरान भी आमजन को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।