मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दिवंगत युवा नेता चंद्रमणि कुलेठी के परिजनों से की मुलाकात, पत्नी को सरकारी रोजगार देने पर विचार का दिया आश्वासन

होली /चंबा) 05 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपने चंबा जिला प्रवास के दौरान भरमौर विधानसभा क्षेत्र के होली में पहुंचकर दिवंगत युवा नेता चंद्रमणि कुलेठी के परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री उनके निवास स्थान पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि दुःख की इस कठिन घड़ी में प्रदेश सरकार और कांग्रेस पार्टी संगठन उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।मुख्यमंत्री ने चंद्रमणि कुलेठी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका अचानक दुनिया से चले जाना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि चंद्रमणि कुलेठी प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव होने के साथ-साथ एक सामाजिक सरोकारों से जुड़े और लोकप्रिय युवा नेता थे। उन्होंने अपने व्यवहार, सक्रियता और सामाजिक कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके निधन से न केवल परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंची है, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र ने भी एक सक्रिय युवा साथी खो दिया है।मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में परिवार की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विशेष रूप से आश्वासन दिया कि चंद्रमणि कुलेठी की धर्मपत्नी को सरकारी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करवाने के विषय पर विचार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने दिवंगत युवा नेता की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए उनके नाम पर किसी विशिष्ट स्थान का नामकरण करने का भी आश्वासन दिया।मुख्यमंत्री की इस मुलाकात के दौरान भरमौर क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज नैय्यर भी उनके साथ उपस्थित रहे।