विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने लिया आत्महत्या रोकथाम का संकल्प

विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने लिया आत्महत्या रोकथाम का संकल्प

चंबा, 10 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला चंबा की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आत्महत्या की रोकथाम के लिए सामूहिक रूप से शपथ लेकर समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान मानसिक स्वास्थ्य, तनाव और आत्महत्या की रोकथाम से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि मानसिक तनाव अथवा अन्य परेशानियों से जूझ रहे लोगों की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। साथ ही लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न स्तरों पर जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि आत्महत्या की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह परिवार, शिक्षण संस्थानों और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मानसिक तनाव या किसी भी प्रकार की परेशानी से जूझ रहे व्यक्ति को अकेला नहीं छोड़ना चाहिए। ऐसे व्यक्ति की बात को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनना तथा जरूरत पड़ने पर समय रहते विशेषज्ञ की सहायता उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है।उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर समाज में व्याप्त झिझक और गलत धारणाओं को दूर करने के लिए निरंतर जागरूकता आवश्यक है। समय पर सहयोग, सही परामर्श और उपचार से कई गंभीर परिस्थितियों को संभाला जा सकता है।डॉ. भारद्वाज ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आत्महत्या रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करन हितेषी तथा डॉ. सुहेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!