संविधान दिवस पर डीसी मुकेश रेपस्वाल ने दिलाई संविधान की प्रस्तावना की शपथ

संविधान दिवस पर डीसी मुकेश रेपस्वाल ने दिलाई संविधान की प्रस्तावना की शपथ

चंबा 26 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर चंबा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया तथा संविधान के मूल सिद्धांतों के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था, जबकि संविधान 26 जनवरी 1950 को पूर्ण रूप से लागू हुआ। उन्होंने कहा कि संविधान भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और यह देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, स्वतंत्रता तथा न्याय प्रदान करने की दिशा में मार्गदर्शन करता है।

उपायुक्त ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना भारत को सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के संकल्प को अभिव्यक्त करती है। इसमें सभी नागरिकों के लिए सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समता सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने के लिए बंधुता को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया है।

उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल ऐतिहासिक महत्व का दिन नहीं, बल्कि अपने संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने का अवसर भी है। प्रत्येक नागरिक को लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए संविधान के आदर्शों को अपने दैनिक व्यवहार में अपनाना चाहिए।

कार्यक्रम में उपायुक्त कार्यालय के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!