हरोली बना हिमाचल का पहला पूर्ण सीसीटीवी निगरानी वाला विधानसभा क्षेत्र, ‘आईना’ कंट्रोल सेंटर का लोकार्पण

ऊना, 3 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले का हरोली विधानसभा क्षेत्र अब प्रदेश का पहला पूर्णतः सीसीटीवी निगरानी से लैस क्षेत्र बन गया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को 5.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर ‘आईना’ का लोकार्पण किया। यह सेंटर मिनी सचिवालय स्थित डीएसपी कार्यालय में स्थापित किया गया है, जो स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस नई व्यवस्था से अब हरोली में अपराध करने की मंशा से आने वाला कोई भी व्यक्ति कानून की नजर से बच नहीं सकेगा। क्षेत्र के 60 संवेदनशील स्थानों पर लगाए गए 195 हाई-रिजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे निगरानी करेंगे।

जैसे ही कोई संदिग्ध वाहन क्षेत्र में प्रवेश करेगा, कंट्रोल सेंटर को तुरंत अलर्ट मिलेगा, जिससे पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सकेगी।उन्होंने बताया कि ‘आईना’ प्रदेश की पहली पूरी तरह वायरलेस कमांड एंड कंट्रोल प्रणाली है। इसमें 19 बड़ी एलईडी स्क्रीन के जरिए पूरे क्षेत्र की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। सिस्टम में तीन महीने तक का डेटा सुरक्षित रखने की क्षमता है। इसके अलावा इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के माध्यम से ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट उल्लंघन पर भी नजर रखी जाएगी।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

हरोली में जल्द ही बस डिपो शुरू किया जाएगा, जहां से दिल्ली, चंडीगढ़, शिमला और एम्स बिलासपुर के लिए बस सेवाएं संचालित होंगी।इसके साथ ही हरोली अस्पताल को 100 बिस्तरों तक अपग्रेड करने, पुल निर्माण, सिंचाई योजनाओं और शिक्षा संस्थानों के विस्तार पर भी कार्य जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि बल्क ड्रग पार्क परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है, जिससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने नए पुलिस वाहन को भी हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम में कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।