अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के लिए कलाकारों के ऑडिशन जारी, दूसरे दिन 175 प्रतिभागियों ने लिया भाग

अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के लिए कलाकारों के ऑडिशन जारी, दूसरे दिन 175 प्रतिभागियों ने लिया भाग

चंबा 15 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के तहत आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों के चयन की प्रक्रिया लगातार जारी है। ऑडिशन के दूसरे दिन उपमंडल चंबा से संबंध रखने वाले 175 कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन प्रतिभागियों में एकल कलाकार, सामूहिक प्रस्तुतियां देने वाले समूह तथा नाट्य दल शामिल रहे, जिन्होंने अपनी कला के माध्यम से चयन समिति को प्रभावित करने का प्रयास किया।जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों के चयन हेतु दो समितियों का गठन किया गया है, जो पारदर्शी तरीके से स्क्रीनिंग कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को 148 कलाकारों के ऑडिशन लिए गए थे, जबकि दूसरे दिन 175 कलाकारों ने भाग लिया। इस प्रकार अब तक कुल 323 कलाकार चयन प्रक्रिया में शामिल हो चुके हैं।उन्होंने आगे बताया कि ऑडिशन प्रक्रिया पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, चंबा में आयोजित की जा रही है, जहां कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। चयन प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया गया है ताकि सभी उपमंडलों के प्रतिभागियों को समान अवसर मिल सके।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जुलाई को उपमंडल भाटियात एवं डलहौजी, 17 जुलाई को सलूणी एवं तीसा, 18 जुलाई को भरमौर एवं पांगी के कलाकारों के ऑडिशन लिए जाएंगे।

वहीं 20 जुलाई को जिला चंबा से बाहर के कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा।प्रशासन का उद्देश्य है कि मिंजर मेले के मंच पर उत्कृष्ट और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलें, जिससे क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और प्रतिभा को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!