कांगड़ा में पूर्व सैनिक पर दिनदहाड़े फायरिंग, टांग में लगी गोली; आरोपी फरार
जयसिंहपुर की बालकरूपी पंचायत में सुबह की सैर के दौरान वारदात, पुराने परिचित पर गोली चलाने का आरोप

कांगड़ा 20 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में मंगलवार सुबह दिनदहाड़े गोली चलने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। जयसिंहपुर उपमंडल के तहत आने वाली बालकरूपी पंचायत में अपने कुत्ते को घुमाने निकले 58 वर्षीय पूर्व सैनिक महेंद्र सिंह पर एक व्यक्ति ने पिस्टल से गोली चला दी। गोली उनकी टांग में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, महेंद्र सिंह मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे रोजमर्रा की तरह अपने कुत्ते को घुमाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान अचानक एक व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी।

गोली लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।पुलिस जांच में आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश निवासी शत्रुघ्न के रूप में हुई है। इस मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी और घायल पूर्व सैनिक पहले से एक-दूसरे को जानते थे। बताया जा रहा है कि महेंद्र सिंह बद्दी स्थित एक निजी फैक्टरी में नौकरी करते थे, जहां शत्रुघ्न भी उनके साथ काम करता था। इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई थी।बताया गया है कि मार्च माह में महेंद्र सिंह ने फैक्टरी की नौकरी छोड़ दी थी। उस समय शत्रुघ्न उन्हें बद्दी से उनके घर तक छोड़ने भी आया था। ऐसे में पुराने परिचित द्वारा गोली चलाने के पीछे क्या कारण रहा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपी के फरार होने के बाद उसकी तलाश और गोली चलाने के कारणों का पता लगाना पुलिस के लिए अहम चुनौती बना हुआ है।