बनीखेत में आरएसएस ने मनाया 101वां स्थापना दिवस, पथ संचलन पर बाजार में हुई पुष्पवर्षा

बनीखेत/ चम्बा 20 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की बनीखेत इकाई की ओर से विजयदशमी के पावन अवसर पर संघ का 101वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस उपलक्ष्य में बनीखेत के पद्दर मैदान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पवन शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में संघ के स्वयंसेवकों सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान विभाग प्रचारक विवेक कुमार ने उपस्थित अतिथियों और संघ के स्वयंसेवकों का स्वागत किया। उन्होंने सभी को विजयदशमी और संघ के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा, कार्यप्रणाली और विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पारिवारिक मूल्यों, संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारियों को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं के महत्व पर भी अपने विचार साझा किए।कार्यक्रम के उपरांत संघ के स्वयंसेवकों की ओर से पथ संचलन का आयोजन किया गया।

यह पथ संचलन पद्दर मैदान से शुरू होकर बनीखेत के मुख्य बाजार से गुजरते हुए बस अड्डे तक पहुंचा और निर्धारित स्थान पर संपन्न हुआ। पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवक अनुशासित ढंग से कदमताल करते हुए आगे बढ़े। इस दौरान मुख्य बाजार में स्थानीय लोगों ने स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना 27 सितंबर, 1925 को विजयदशमी के दिन महाराष्ट्र के नागपुर में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी। संघ प्रत्येक वर्ष विजयदशमी के अवसर पर स्थापना दिवस मनाता है। इस अवसर पर स्वयंसेवक संगठन के उद्देश्यों, सामाजिक समरसता, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हैं। बनीखेत में आयोजित कार्यक्रम भी इसी परंपरा के तहत संपन्न हुआ।
