
चंबा 21 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पर्यटन स्थल खज्जियार में पति के सिर पर पत्थर से वार कर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार पत्नी रजनी को शुक्रवार को पुलिस ने अदालत में पेश किया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी महिला को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी किए हैं। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर हत्या के पीछे छिपे कारणों और वारदात से जुड़े अन्य अनसुलझे पहलुओं का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने अपने पति कुंजलाल की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका पति के साथ अक्सर लड़ाई-झगड़ा होता रहता था। हालांकि, पति की हत्या करने के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसका अभी तक पूरी तरह खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात को किस परिस्थिति में अंजाम दिया गया और इसके पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।गौरतलब है कि गुरुवार सुबह पुलिस पोस्ट खजियार के समीप एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमन चौधरी की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच के दौरान मृतक कुंजलाल की पत्नी रजनी को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने आरोपी रजनी को अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।