खेत में काम करते समय ढांक में गिरा युवक, दर्दनाक मौत; गांव में पसरा मातम

खेत में काम करते समय ढांक में गिरा युवक, दर्दनाक मौत; गांव में पसरा मातम

सलूणी/ चम्बा 24 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उपमंडल सलूणी की टिकरू पंचायत में एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की जान चली गई। खेतों में काम करते समय अचानक पांव फिसलने से युवक गहरी ढांक में जा गिरा। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सलूणी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई है।मृतक की पहचान नीरज (30) पुत्र शेर सिंह निवासी गांव टिकरू, पंचायत टिकरू, उपमंडल सलूणी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब तीन बजे नीरज अपने खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पांव फिसल गया और वह संतुलन खोकर गहरी ढांक में जा गिरा। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों को इसकी सूचना मिली। परिजन बिना समय गंवाए उसे बेसुध हालत में नागरिक अस्पताल सलूणी लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पंचायत प्रधान की ओर से किहार थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की। रात हो जाने के कारण सोमवार को शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज चंबा में शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा।पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना के संबंध में जांच कर रही है। हादसे के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!