सलूणी मिनी सचिवालय में हवाई हमले की चेतावनी पर मॉक ड्रिल, ब्लैकआउट और बचाव अभियान का किया अभ्यास

सलूणी/ चम्बा 23 नवम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चंबा के निर्देशानुसार सोमवार शाम 6:30 बजे मिनी सचिवालय भवन सलूणी में नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तैयारियों, आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखना था।मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की सांकेतिक चेतावनी जारी होने के बाद आपातकालीन सायरन बजाया गया और ब्लैकआउट का अभ्यास किया गया। इसके उपरांत मिनी सचिवालय भवन में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और आगंतुकों को निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास करवाया गया।

इस दौरान आपातकालीन निकासी और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।अभ्यास के अगले चरण में भवन में आग लगने की सांकेतिक स्थिति उत्पन्न की गई, जिसके तहत अग्निशमन एवं बचाव दल ने आग पर नियंत्रण पाने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही घायलों को प्राथमिक उपचार देने, चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाने और एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का अभ्यास भी किया गया।मॉक ड्रिल के समापन पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य व्यक्तियों की गणना (हेडकाउंट) की गई। सभी के सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद ‘ऑल क्लियर’ का संकेत जारी किया गया।इस अवसर पर नायब तहसीलदार सलूणी डीसी राणा, फायर चौकी प्रभारी पवन राणा, पांचवीं वाहिनी गृह रक्षक सुंडला के कंपनी कमांडर महेंद्र शर्मा, बीडीओ कार्यालय के अधीक्षक संजीव कुमार, कोषाधिकारी दिलीप कुमार, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अंशुल ठाकुर व अजय ठाकुर तथा स्वास्थ्य विभाग से डॉ. अनिल सहित पुलिस विभाग के कर्मचारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
