चंबा को 10 इलेक्ट्रिक बसें देना ऊंट के मुंह में जीरा :- डीएस ठाकुर

डलहौजी, 19 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से आकांक्षी जिला चंबा को 10 इलेक्ट्रिक बसें दिए जाने पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने सरकार और उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चंबा जैसे दुर्गम और भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण जिले को महज 10 इलेक्ट्रिक बसें देना केवल औपचारिकता पूरी करने जैसा है।डीएस ठाकुर ने कहा कि जिला चंबा में परिवहन व्यवस्था लंबे समय से बदहाल स्थिति से गुजर रही है। जिले के कई महत्वपूर्ण बस रूट बंद पड़े हैं, जबकि अनेक क्षेत्रों में लोगों को नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही है। ऐसे में सरकार द्वारा केवल 10 बसें उपलब्ध करवाना जनता की जरूरतों के मुकाबले बेहद कम है। जब की छोटे बड़े 10 रूट तो केवल विधानसभा क्षेत्र डलहौजी में ही बंद पड़े हैं । जिस पर प्रदेश सरकार हमेशा अपनी उदासीनता दिखाती आ रही है ।

उन्होंने इसे “ऊंट के मुंह में जीरा” के समान बताया।विधायक ने कहा कि चंबा जिला लगातार परिवहन सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है और ग्रामीण तथा दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को अपने दैनिक कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी कामों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार चंबा जिले के साथ लगातार सौतेला व्यवहार करती आ रही है, जिसे जिला की जनता स्वीकार नहीं करेगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई अन्य जिलों को 30 से 35 तक बसें उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जबकि चंबा जैसे पिछड़े और आकांक्षी जिले के हिस्से में केवल 10 बसें आई हैं। यह अंतर समझ से परे है। उन्होंने सरकार से चंबा की वास्तविक परिवहन जरूरतों का आकलन कर पर्याप्त संख्या में बसें उपलब्ध करवाने तथा बंद पड़े रूट बहाल करने की मांग की।डीएस ठाकुर ने स्थानीय कांग्रेस नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे महज 10 बसों को बड़ी उपलब्धि बताकर अपनी पीठ थपथपा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर जनता परिवहन सुविधाओं की कमी से परेशान है। उन्होंने कहा कि जनता आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार के कार्यों का जवाब जरूर देगी।