झाझाकोठी स्कूल में 332 बच्चों को बाल अधिकार और करियर गाइडेंस की दी जानकारी

झाझाकोठी स्कूल में 332 बच्चों को बाल अधिकार और करियर गाइडेंस की दी जानकारी

चुराह/चम्बा 03 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झाझाकोठी में बच्चों, अध्यापकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, पॉक्सो अधिनियम, सोशल मीडिया के लाभ-हानि, करियर गाइडेंस तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा के जिला समन्वयक कपिल शर्मा और केस वर्कर चैन सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी बच्चे को मुसीबत, हिंसा, शोषण, बाल विवाह या अन्य परेशानी का सामना करना पड़े तो वह चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकता है। इस दौरान बच्चों को उनके अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया गया।कार्यक्रम में सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग को लेकर भी विद्यार्थियों को सावधान किया गया।

फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर होने वाली ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, निजी जानकारी साझा करने के जोखिम तथा साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों और बच्चों, अभिभावकों, अध्यापकों, अन्य हितधारकों तथा पुलिस की भूमिका पर चर्चा की गई।बच्चों को चरित्र निर्माण, अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण और करियर चयन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। अध्यापकों से आग्रह किया गया कि वे समय-समय पर विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दें, ताकि बच्चे अपनी रुचि और क्षमताओं के अनुसार भविष्य की दिशा तय कर सकें।

कार्यवाहक प्रधानाचार्य जवाहर लाल सहित विद्यालय स्टाफ ने चाइल्ड हेल्पलाइन के इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। कार्यक्रम में नौ अध्यापक-अध्यापिकाओं, चार नॉन-टीचिंग स्टाफ सदस्यों तथा 332 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!