दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण की अवधि 4 से घटाकर 3 वर्ष करने की मांग उठाएंगे ललित ठाकुर
प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर रखी मांगें, मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के समक्ष मामला उठाने का दिया आश्वासन

भरमौर/चम्बा 12 चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जनजातिय क्षेत्र भरमौर के अंतर्गत विभिन्न पटवार वृत्तों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं को लेकर ललित ठाकुर से मुलाकात की। इस दौरान कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने उनके समक्ष अपनी प्रमुख मांग रखते हुए दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण की निर्धारित अवधि को चार वर्ष से घटाकर तीन वर्ष करने की मांग उठाई।प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी लंबे समय से विभिन्न विभागों एवं पटवार वृत्तों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमितीकरण के लिए निर्धारित अवधि पूरी होने का इंतजार करना पड़ता है।

ऐसे में यदि नियमितीकरण की अवधि चार वर्ष से घटाकर तीन वर्ष कर दी जाती है तो इससे कर्मचारियों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही उन्हें आर्थिक एवं सेवा संबंधी सुरक्षा प्राप्त करने में भी मदद मिलेगी।ललित ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि नियमितीकरण की अवधि कम करने से जुड़ी उनकी मांग को शीघ्र ही मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार के समक्ष इस विषय को प्रभावी ढंग से रखा जाएगा, ताकि उनके पक्ष में सकारात्मक निर्णय लिया जा सके।इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने ललित ठाकुर को सम्मानित करते हुए उनके प्रति आभार एवं स्नेह व्यक्त किया। ललित ठाकुर ने कर्मचारियों की ओर से दिए गए मान-सम्मान के लिए सभी का हृदय से धन्यवाद किया।उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना और उनके अधिकारों एवं हितों की पैरवी करना उनका निरंतर प्रयास रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होगी।
