12 दिसंबर को चम्बा में लगेगी वर्ष 2026 की चौथी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी सहमति से सुलझेंगे मामले

12 दिसंबर को चम्बा में लगेगी वर्ष 2026 की चौथी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी सहमति से सुलझेंगे मामले

चम्बा, 11 नवंबर ,चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा की ओर से हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला के तत्वावधान में वर्ष 2026 की चतुर्थ राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 दिसंबर (शनिवार) को किया जाएगा। यह लोक अदालत जिला न्यायालय परिसर चम्बा सहित जिले के अन्य संबंधित उपमंडलीय न्यायालय परिसरों में आयोजित होगी। इसका उद्देश्य आम जनता को सुलभ, शीघ्र और कम खर्च में न्याय उपलब्ध करवाने के साथ विभिन्न विवादों का आपसी सहमति से सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।राष्ट्रीय लोक अदालत में कई प्रकार के मामलों का निपटारा समझौते के आधार पर किया जाएगा।

इनमें परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत चेक बाउंस के मामले, बैंक ऋण वसूली, मोटर वाहन दुर्घटना दावा, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद (तलाक से संबंधित मामलों को छोड़कर), श्रम विवाद और समझौता योग्य आपराधिक मामले शामिल हैं। इसके अलावा समझौता योग्य यातायात चालान, बिजली एवं पानी के बिलों से जुड़े विवाद तथा अन्य उपयुक्त दीवानी मामलों को भी लोक अदालत में रखा जा सकेगा।विशेष बात यह है कि लोक अदालत में केवल न्यायालयों में पहले से लंबित मामलों का ही निपटारा नहीं होगा, बल्कि पात्र पूर्व-मुकदमा (प्री-लिटिगेशन) मामलों को भी समाधान के लिए शामिल किया जाएगा।

इससे लोगों को बिना लंबी न्यायिक प्रक्रिया से गुजरे अपने विवाद सुलझाने का अवसर मिलेगा। लोक अदालत से पहले पक्षकारों के बीच समझौते की संभावनाएं तलाशने के लिए प्री-लोक अदालत और प्री-कन्सिलिएशन बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा के सचिव एकांश कपिल ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत विवादों के शीघ्र एवं किफायती निपटारे का प्रभावी माध्यम है। इसमें दोनों पक्ष अपनी सहमति से विवादों का समाधान कर सकते हैं।

उन्होंने आम जनता और सभी वादकारियों से अपील की कि वे इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए संबंधित न्यायालय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा अथवा उपमंडलीय विधिक सेवा समिति से संपर्क करें और अपने मामलों का आपसी सहमति से निपटारा करवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!