नालागढ़ के सैणीमाजरा में बाइक सवार दो युवकों से 6.03 ग्राम चिट्टा बरामद, गिरफ्तार
बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल ने नाकेबंदी के दौरान की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

नालागढ़ /सोलन 16 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत नालागढ़ के सैणीमाजरा में पुलिस की स्पेशल सेल ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल सवार दो युवकों के कब्जे से 6.03 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है। मामले में थाना नालागढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल की टीम क्षेत्र में गश्त और नशे के अवैध कारोबार पर निगरानी रख रही थी। इसी दौरान टीम को सैणीमाजरा क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल पर सवार युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान युवकों के कब्जे से 6.03 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।पुलिस ने मौके पर ही दोनों युवकों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत सिंह निवासी रूपनगर, पंजाब तथा निर्मल सिंह निवासी प्लासी कलां, तहसील नालागढ़ के रूप में हुई है।पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। इस संबंध में थाना नालागढ़ में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और क्या वे नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े किसी नेटवर्क के संपर्क में थे। साथ ही इस मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
