नीपा की रिसर्च स्टडी के तहत लिटिल एंजेल स्कूल बनीखेत में जुटाए शिक्षक संबंधी आंकड़े

बनीखेत/ चम्बा 26 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
शिक्षा खंड बनीखेत के अंतर्गत लिटिल एंजेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल बनीखेत में बीते कल राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (नीपा) की ओर से संचालित रिसर्च स्टडी कार्यक्रम के तहत विद्यालय का अध्ययन किया गया। इस दौरान शोध टीम के सदस्यों ने विद्यालय में शिक्षकों से संबंधित आवश्यक आंकड़े एकत्रित किए तथा शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं।इस अध्ययन के लिए विद्यालय पहुंचे टीम सदस्यों में मदन मोहन, योगिता एवं सिद्धांत शामिल रहे। टीम ने विद्यालय में शिक्षकों की स्थिति, कक्षा-कक्ष के वातावरण तथा शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाने पर विशेष ध्यान दिया। अध्ययन का उद्देश्य विद्यालयों की वास्तविक परिस्थितियों को समझना और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं का शोध के माध्यम से विश्लेषण करना रहा।

कार्यक्रम के अंतर्गत फील्ड इन्वेस्टिगेटर के रूप में कार्य कर रहे डाइट प्रशिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार के शोध अध्ययन में भागीदारी उनके प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विद्यालयों में प्रत्यक्ष रूप से जाकर आंकड़े एकत्रित करने से उन्हें शिक्षा व्यवस्था की जमीनी स्थिति को समझने का अवसर मिलता है।उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के माध्यम से कक्षा-कक्ष के वातावरण, शिक्षण गतिविधियों और विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक परिस्थितियों का नजदीक से अवलोकन किया जा सकता है। इसके साथ ही आंकड़ों के संकलन एवं विश्लेषण, संवाद कौशल और शोध प्रक्रिया से जुड़ी व्यवहारिक जानकारियां भी हासिल होती हैं।नीपा के इस रिसर्च स्टडी कार्यक्रम को शिक्षा क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों को समझने तथा शोध आधारित शैक्षणिक जानकारी विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।