पत्रकार लोकतंत्र के सजग प्रहरी, जनसमस्याओं को आवाज देकर समाज में बदलाव लाने में निभाते हैं अहम भूमिका :- परवेज अली बट्ट

पत्रकार लोकतंत्र के सजग प्रहरी, जनसमस्याओं को आवाज देकर समाज में बदलाव लाने में निभाते हैं अहम भूमिका :- परवेज अली बट्ट

बनीखेत / चंबा 16 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आज सोमवार को बनीखेत क्षेत्र के पत्रकारों की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान पत्रकारों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया तथा सम्मानित कर पत्रकारिता और समाज के बीच आपसी संवाद को बढ़ावा दिया। कार्यक्रम में पत्रकारिता के महत्व, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका और समाज के प्रति पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।इस अवसर पर मुख्यातिथि परवेज अली बट्ट ने सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का सशक्त प्रहरी है।

पत्रकार अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार कार्यशैली के माध्यम से समाज को जागरूक करने के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने कहा कि पत्रकार अपनी लेखनी और कर्मठता के दम पर आम जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। सामाजिक सरोकारों, जनहित के मुद्दों और समाज में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर सकारात्मक बदलाव लाने में मीडिया की भूमिका बेहद अहम है।परवेज अली बट्ट ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रकाशन और प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति जवाबदेही और आमजन की आवाज बुलंद करने का सशक्त माध्यम है।

पत्रकारों को तथ्यों की प्रमाणिकता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का समर्पण और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सराहनीय है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने भी पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। साथ ही वर्तमान समय में मीडिया के समक्ष आ रही चुनौतियों, निष्पक्ष पत्रकारिता की आवश्यकता और सामाजिक जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर पत्रकारों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में आए हुए मेहमानों के साथ पत्रकारों ने जलपान भी किया इस विशेष कार्यक्रम में सुभाष महाजन, मंजीत मिन्हास, विशाल सेखड़ी, मुकेश कुमार, नितिन पाल, मंजूर खान, चमन भारद्वाज सहित क्षेत्र के अन्य पत्रकार भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!