परिवहन पेंशनर्स का सरकार के प्रति रोष, 3 प्रतिशत महंगाई राहत और एरियर जारी करने की मांग
मासिक बैठक में पेंशनरों ने उठाई वित्तीय लाभ देने की मांग, आंदोलन की दी चेतावनी

चंबा 11 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पथ परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन की मासिक बैठक प्रधान कुलदीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित पेंशनरों ने हिमाचल प्रदेश सरकार और परिवहन निगम प्रबंधन के प्रति रोष प्रकट करते हुए लंबित वित्तीय लाभ जल्द जारी करने की मांग उठाई।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पिछले महीने चंबा दौरे पर आए उपमुख्यमंत्री के समक्ष संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगें रखी थीं और मांगपत्र भी सौंपा था। इसमें विशेष रूप से तीन प्रतिशत महंगाई राहत जारी करने के लिए उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया गया था। इसके बावजूद एक महीना बीतने पर भी कोई कार्रवाई नहीं होने से पेंशनरों में नाराजगी है।संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि निगम के नियमित कर्मचारियों के वेतन में तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते की बढ़ोतरी की जा चुकी है, लेकिन पेंशनरों को अब तक इसका लाभ नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के समक्ष कई बार मामला उठाने के बावजूद उनकी मांगें लंबित हैं।

संगठन अध्यक्ष मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2016 के संशोधित वेतनमान का एरियर अन्य विभागों के कर्मचारियों और पेंशनरों को किस्तों में दिया जा रहा है, जबकि परिवहन निगम के पेंशनर इस लाभ से वंचित हैं। उन्होंने बताया कि लगभग दस महीने पहले सेवानिवृत्त हुए कई कर्मचारियों को अब तक वित्तीय लाभ नहीं मिले हैं। इससे उन्हें परिवार का पालन-पोषण करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।महासचिव ओमप्रकाश ने सरकार से अन्य विभागों की तर्ज पर निगम के कर्मचारियों और पेंशनरों को एरियर जारी करने की मांग की। संगठन ने लंबित पेंशन और अन्य वित्तीय लाभ शीघ्र जारी करने का आग्रह करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जा सकता है। इसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रबंधन की होगी।बैठक के दौरान संगठन से जुड़े नए सदस्यों का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत भी किया गया। इस अवसर पर राजकुमार, इंदर सिंह, सुरेश कुमार, देवराज, महेश नाथ, साहब चंद, चंद्रप्रकाश, उत्तम सिंह, कुलदीप कुमार, मनोहर लाल, रीता देवी, कांता देवी और रीता कुमारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
