प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना बनी राकेश कुमार के परिवार का सहारा, पत्नी रेखा देवी को मिले दो लाख रुपये

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना बनी राकेश कुमार के परिवार का सहारा, पत्नी रेखा देवी को मिले दो लाख रुपये

मेल /चम्बा 10 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत माध्यम साबित हो रही है। इस योजना के तहत गांव नड्ड, ग्राम पंचायत मेल के निवासी स्वर्गीय राकेश कुमार पुत्र रतन चंद के परिवार को उनके निधन के बाद दो लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई। मुश्किल समय में मिली इस आर्थिक सहायता से परिवार को बड़ी राहत मिली है।जानकारी के अनुसार, दिवंगत राकेश कुमार ने हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक की मेल शाखा में अपने बैंक खाते के माध्यम से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा करवाया हुआ था।

उनके आकस्मिक निधन के बाद परिवार ने बीमा राशि प्राप्त करने के लिए बैंक में आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी कीं। बैंक प्रबंधन की ओर से मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बीमा क्लेम की प्रक्रिया पूरी करवाई गई।इसके उपरांत हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक की मेल शाखा के शाखा प्रबंधक शाम सिंह राणा, निखिल कौशिक, राजीव माहड़ और पवन कुमार की उपस्थिति में स्वर्गीय राकेश कुमार की पत्नी रेखा देवी को दो लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई। इस सहायता से विपरीत परिस्थितियों में परिवार को आर्थिक संबल मिला है।

इस अवसर पर शाखा प्रबंधक शाम सिंह राणा ने आम जनता से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित अन्य बैंकिंग बीमा योजनाओं से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीवन में कब और कैसी अप्रत्याशित परिस्थिति सामने आ जाए, इसका अनुमान लगाना संभव नहीं है। ऐसे में कम प्रीमियम वाली बीमा योजनाएं कठिन समय में परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे स्वयं और अपने परिवार के सुरक्षित भविष्य के लिए समय रहते बीमा करवाएं, ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में परिवार को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!