चम्बा में अखिल भारतीय हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष पर हमला, वाहनों को आग लगाने का भी प्रयास

चम्बा 10 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला मुख्यालय चम्बा के साथ लगते बालू क्षेत्र में बीती सोमवार रात को अखिल भारत हिंदू महासभा चम्बा के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह कुकरेजा पर अज्ञात लोगों द्वारा कथित तौर पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले के दौरान आरोपियों ने उन पर पत्थरों से वार किया। इसके कुछ समय बाद सब्जी मंडी बालू में खड़ी उनकी वैन और पिकअप गाड़ी को भी आग लगाने का प्रयास किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।गोपाल सिंह कुकरेजा के अनुसार, सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह चम्बा शहर में अपना काम निपटाने के बाद स्कूटी पर सवार होकर परेल स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बालू के पास कुछ अज्ञात लोगों ने घात लगाकर उन पर पत्थरों से हमला कर दिया। उन्होंने किसी तरह मौके से बचकर अपनी जान बचाई और घर पहुंच गए।उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद जब वह कपड़े बदलकर परिवार के साथ खाना खाने बैठे थे, तभी उन्हें फोन के माध्यम से सूचना मिली कि सब्जी मंडी बालू में खड़ी उनकी वैन और पिकअप गाड़ी में किसी ने आग लगा दी है।

सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक स्थानीय लोगों और मंडी कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया था, जिससे दोनों वाहनों को पूरी तरह जलने से बचा लिया गया।घटना की सूचना मिलने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शिकायत के आधार पर संदेह के दायरे में आए एक-दो लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।वहीं, गोपाल सिंह कुकरेजा ने इस घटना को लेकर एच.पी.एम.सी अध्यक्ष ललित ठाकुर से भी शिकायत की है। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी परिसर में खड़े वाहन भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की संपत्ति की सुरक्षा पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि जब चम्बा में प्रतिष्ठित लोगों पर इस तरह के हमले हो सकते हैं तो आम आदमी की सुरक्षा का क्या होगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
