बाल विज्ञान कांग्रेस में डीपीएस डलहौजी का शानदार प्रदर्शन, पांच प्रथम स्थान हासिल

डलहौजी/ चम्बा, 19 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ब्यूरो
डलहौजी पब्लिक स्कूल (डीपीएस) के विद्यार्थियों ने 33वीं हिमाचल प्रदेश बाल विज्ञान कांग्रेस (एचपीसीएससी)-2026 के उपमंडल स्तरीय आयोजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच प्रथम स्थान हासिल किए हैं। 18 और 19 सितंबर को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, डलहौजी में आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में 15 से अधिक स्कूलों के विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया।डीपीएस डलहौजी के विद्यार्थियों ने गणित ओलंपियाड और विज्ञान प्रश्नोत्तरी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अलग-अलग वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किए। गणित ओलंपियाड के जूनियर वर्ग में गुरांश ने प्रथम स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में कार्तिकेयन ने बाजी मारी, जबकि सीनियर सेकेंडरी वर्ग में शौर्य ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।इसी तरह विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में रुतांश और अकुल ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में हर्ष और विवान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली पांचों विजेता प्रविष्टियां अब जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में डीपीएस डलहौजी का प्रतिनिधित्व करेंगी। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की सफलता पर उन्हें बधाई देते हुए जिला स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।विद्यालय के चेयरमैन एवं निदेशक डॉ. (कैप्टन) जी.एस. ढिल्लों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की जिज्ञासा, लगन और कठिन परिश्रम के साथ-साथ शिक्षकों की निरंतर मेहनत एवं प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय को अपने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर गर्व है और उम्मीद है कि वे जिला स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।उन्होंने कहा कि डीपीएस डलहौजी में विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने, उनकी प्रतिभा को निखारने और उन्हें कक्षा से बाहर सीखने के अवसर उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया जाता है। विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को विज्ञान एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मंच और अवसर प्रदान करता रहेगा।