महिलाओं को हर माह मिलेंगे 1,500 रुपये, पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली; मंत्रिमंडल के कई अहम फैसले

महिलाओं को हर माह मिलेंगे 1,500 रुपये, पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली; मंत्रिमंडल के कई अहम फैसले

शिमला 13 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में जनकल्याण, महिला सशक्तिकरण, ऊर्जा क्षेत्र और नशा निवारण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करने को मंजूरी प्रदान की गई।इस योजना के तहत 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त पात्र लाभार्थी परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी। सरकार ने योजना के अंतर्गत कुल 3.50 लाख पात्र महिलाओं की पहचान की है।

वहीं, 59 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता भी 1,050 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है।मंत्रिमंडल ने सरप्लस रॉ वॉटर की बिक्री के लिए एक समान राज्य नीति अपनाने का निर्णय लिया। इसके तहत पड़ोसी राज्यों, सरकारी एजेंसियों और उद्योगों को पानी उपलब्ध करवाने की प्रारंभिक दर 100 रुपये प्रति 1,000 क्यूबिक फीट निर्धारित की गई है। इस दर में थोक मूल्य सूचकांक के आधार पर समय-समय पर संशोधन किया जाएगा।युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी 12 जिलों में ‘खेलो हिमाचल चिट्टा मुक्त अभियान-2026’ शुरू करने को भी स्वीकृति दी गई।

इसके माध्यम से युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सकारात्मक सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।ऊर्जा क्षेत्र में सुधार के लिए स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति, 2021 में संशोधन को मंजूरी दी गई। इसके तहत केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की परियोजनाओं के 40 वर्ष पूरे होने के बाद अगले 10 वर्षों तक 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी का प्रावधान किया गया है। वहीं, संचालन के 50 वर्ष पूरे होने पर परियोजनाएं राज्य सरकार को निःशुल्क हस्तांतरित होंगी।इसके अतिरिक्त लंबे समय से कार्यान्वित न होने के कारण 222 सौर ऊर्जा परियोजनाओं का आवंटन रद्द करने का निर्णय लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!