मानसून से हुए नुकसान का जायजा लेने कांगड़ा पहुंची केंद्रीय टीम, भटियात में भी होगा निरीक्षण

मानसून से हुए नुकसान का जायजा लेने कांगड़ा पहुंची केंद्रीय टीम, भटियात में भी होगा निरीक्षण

कांगड़ा/ धर्मशाला 28 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो )

मानसून सीजन के दौरान हिमाचल प्रदेश में हुई भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित अंतर-मंत्रालय केंद्रीय टीम सोमवार को कांगड़ा जिला पहुंची। छह सदस्यीय केंद्रीय दल का नेतृत्व गृह मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव एम. रामचंद्रुडु ने किया।केंद्रीय टीम में जल शक्ति मंत्रालय के निदेशक प्रकाश चंद, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. सुभाष चंद्र, ग्रामीण विकास मंत्रालय के निदेशक रामवतार मीणा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के कार्यकारी अभियंता शाश्वत महापात्रा, वित्त मंत्रालय के उप निदेशक कनव दुआ तथा अंतरिक्ष विभाग के वैज्ञानिक एवं रिमोट सेंसिंग सेंटर, इसरो, हैदराबाद के डॉ. श्री शशिवर्धन रेड्डी शामिल हैं।गगल हवाई अड्डे पहुंचने पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने केंद्रीय टीम का स्वागत किया।

इसके बाद टीम ने जिला अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मानसून के दौरान जिले में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान के बारे में केंद्रीय दल को विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने राहत, पुनर्स्थापना और प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की प्रगति से भी टीम को अवगत करवाया।बैठक के उपरांत केंद्रीय टीम चंबा जिला के भटियात क्षेत्र में आपदा प्रभावित क्षेत्रों के स्थलीय निरीक्षण के लिए रवाना हुई। टीम प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर नुकसान का जायजा लेने के साथ संबंधित विभागों द्वारा किए गए आकलन की भी जानकारी प्राप्त करेगी।केंद्रीय दल अपने दो दिवसीय कांगड़ा दौरे के दौरान विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगा। इस दौरान नुकसान, राहत एवं पुनर्वास कार्यों तथा आवश्यक राहत उपायों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा से हुए नुकसान और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सहायता से संबंधित विस्तृत जानकारी ली जाएगी।इस अवसर पर एसडीएम कांगड़ा अंजली गर्ग सहित जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!