यूपीएससी और एचपीपीएससी की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगी निःशुल्क कोचिंग, 100 सीटों पर होगा चयन

यूपीएससी और एचपीपीएससी की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगी निःशुल्क कोचिंग, 100 सीटों पर होगा चयन

चंबा 16 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) एवं हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। पात्र अभ्यर्थियों को अब एक वर्ष तक निःशुल्क कोचिंग प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की योजना के तहत हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला स्थित डॉ. अंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा यह कोचिंग कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा पीएम केयर्स बाल योजना के लाभार्थियों के लिए कुल 100 सीटें निर्धारित की गई हैं। इन सीटों पर चयनित अभ्यर्थियों को यूपीएससी एवं राज्य लोक सेवा आयोग की ग्रुप-ए और ग्रुप-बी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाएगी।

कोचिंग की एक वर्ष की अवधि के दौरान प्रत्येक चयनित अभ्यर्थी को प्रतिमाह 4,000 रुपये की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी। वहीं, पीएम केयर्स बाल योजना के लाभार्थियों को प्रवेश परीक्षा से छूट दी जाएगी।इसके अतिरिक्त इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए 25 सीटें सशुल्क कोचिंग के तहत भी उपलब्ध रहेंगी। इन सीटों के लिए एक वर्षीय पाठ्यक्रम का शुल्क 75,000 रुपये निर्धारित किया गया है। हालांकि, सशुल्क श्रेणी के अभ्यर्थियों को मासिक छात्रवृत्ति नहीं मिलेगी।जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.cuhimachal.ac.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

योजना के लिए अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के ऐसे अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिनके परिवार की वार्षिक आय सभी स्रोतों से आठ लाख रुपये या इससे कम है। अभ्यर्थियों की आयु 21 से 37 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं, 12वीं कक्षा और स्नातक स्तर पर 50 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी पात्र नहीं होंगे।प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय द्वारा कॉमन एंट्रेंस टेस्ट आयोजित किया जाएगा। इसमें सामान्य अध्ययन, सामान्य अंग्रेजी, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक योग्यता एवं तार्किक क्षमता से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रवेश परीक्षा 4 दिसंबर को प्रस्तावित है। अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने जिला चंबा के पात्र युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अंतिम तिथि से पहले अपना आवेदन सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!