राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चांजू में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

चांजू/ चुराह 23 अक्टूबर दिलीप सिंह ठाकुर
उपमंडल चुराह के अंतर्गत ग्राम पंचायत चांजू स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में चुराह के बीडीसी अध्यक्ष चैन लाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि पंचायत प्रधान विनोद कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और सदस्यों ने भाग लिया।समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि चैन लाल को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।समारोह के दौरान विद्यालय में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।

मुख्य अतिथि चैन लाल ने विद्यालय प्रबंधन को 11,000 रुपये की राशि प्रदान की। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के साथ-साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भी रुचि लेनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य ने समारोह में पहुंचे मुख्य अतिथि, विशेष अतिथि, अभिभावकों और अन्य गणमान्य लोगों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने विद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों को उपस्थित लोगों के समक्ष रखा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।