राजकीय प्राथमिक पाठशाला दरकोटी में नई एसएमसी का गठन, पारदर्शी प्रक्रिया से हुआ चयन

चम्बा 25 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) गाइडलाइंस-2026 तथा समग्र शिक्षा, हिमाचल प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में राजकीय प्राथमिक पाठशाला दरकोटी में आगामी दो वर्षों (2026-28) के लिए नई विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सर्वसम्मति से किया गया।नवगठित समिति में श्रीमती आशा कुमारी को चेयरपर्सन, श्रीमती सिलो देवी को वाइस चेयरपर्सन तथा श्री दिनेश कुमार (जेबीटी) को मेंबर सेक्रेट्री चुना गया है। इसके अतिरिक्त वार्ड पंच श्रीमती हितेश कुमारी को पदेन सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। समिति में अभिभावक प्रतिनिधियों एवं अन्य सदस्यों को भी नियमानुसार स्थान दिया गया है।

विद्यालय प्रभारी सुनील जरियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि नई एसएमसी गाइडलाइंस-2026 का उद्देश्य विद्यालयों में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा विद्यालय प्रबंधन को अधिक उत्तरदायी और प्रभावी बनाना है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने बताया कि समिति की नियमित मासिक बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं का विकास, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण, नामांकन, मध्याह्न भोजन तथा विद्यालय विकास योजना जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।विद्यालय प्रबंधन समिति को विद्यालय और अभिभावकों के बीच एक मजबूत सेतु बताया गया।

समिति के सहयोग से बच्चों के सर्वांगीण विकास, शिक्षण-अधिगम वातावरण में सुधार तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।विद्यालय परिवार ने नवनिर्वाचित सभी सदस्यों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि नई समिति अपने कार्यकाल में विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।