लिटिल एंजेल पब्लिक स्कूल बनीखेत में अग्निशमन विभाग ने विद्यार्थियों को सिखाए आपातकालीन स्थिति से निपटने के गुर

लिटिल एंजेल पब्लिक स्कूल बनीखेत में अग्निशमन विभाग ने विद्यार्थियों को सिखाए आपातकालीन स्थिति से निपटने के गुर

बनीखेत/ चम्बा 17 नवम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

लिटिल एंजेल पब्लिक स्कूल बनीखेत में बीते कल अग्निशमन चौकी बनीखेत की ओर से विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने स्कूली बच्चों को विभिन्न आपदाओं और दुर्घटनाओं के समय सतर्कता बरतने तथा स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्वपूर्ण तरीके बताए।कार्यक्रम की अध्यक्षता फायरमैन अनिल कुमार ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को भूकंप आने, भीषण आग लगने तथा घरों में अचानक उत्पन्न होने वाली अन्य आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ और सावधानी से काम लेना बेहद जरूरी है।

सही समय पर उठाया गया कदम किसी बड़ी दुर्घटना को टालने के साथ-साथ कई लोगों की जान भी बचा सकता है।इस अवसर पर अग्निशमन विभाग की टीम ने मॉक ड्रिल के माध्यम से बच्चों को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने, प्राथमिक स्तर पर बचाव के उपाय अपनाने तथा भूकंप के दौरान सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के व्यावहारिक तरीके समझाए। बच्चों को यह भी बताया गया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग को सूचना देना और सुरक्षा नियमों का पालन करना कितना आवश्यक है।कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस आयोजन को लेकर स्कूल प्रबंधक विक्रम पठानिया ने अग्निशमन विभाग की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी हैं, क्योंकि इनके माध्यम से बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक परिस्थितियों में अपनी और दूसरों की सुरक्षा करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलता है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि अग्निशमन विभाग भविष्य में भी इसी तरह के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि विद्यार्थी आपातकालीन परिस्थितियों का साहस और समझदारी से सामना कर सकें।इस मौके पर फायरमैन बाबूराम, फायरमैन बलवंत राय और फायरमैन संदीप कुमार सहित अग्निशमन विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!